कलेक्ट्रेट मुख्यालय पर मंगलवार को कोपागंज थाना क्षेत्र के कोपा कोहना गांव निवासी एक महिला अपने बच्चों के साथ धरने पर बैठी रही। धरने पर बैठी चंदा पत्नी स्व. प्रमोद का आरोप था कि उसके पति को थाना क्षेत्र के सोड़सर गांव निवासी एक व्यक्ति 28 दिसंबर 2017 को मजदूरी करने के लिए ले गया था। उसने अपने साथी के साथ उसके पति को चोरी की आशंका में पिटाई कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। नौ जनवरी 2018 को उस व्यक्ति ने उसकी मोबाइल पर सूचना दिया कि तुम्हारे पति की हालत खराब है , वह जिला अस्पताल में भर्ती है, जाकर उसकी देख भाल करे।वह जिला अस्पताल पहुंची तो उसके पति ने रोते हुए बताया कि सोड़सर गांव निवासी आलोक राय ने चोरी की आशंका में अपने साथी के संग मिलकर उसकी पिटाई करके गंभीर रूप से घायल कर दिया और यहां लाकर भर्ती करा दिया है। उसी दिन उसके पति की मौत इलाज के दौरान जिला अस्पताल में हो गई थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया तो उसे अदालत की शरण लेनी पड़ी। महिला का कहना था कि कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा तो दर्ज कर लिया लेकिन हत्यारों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर रही है। महिला ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन भी सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।