छेड़खानी पर मनचले को छात्रा पीटा
भीड़ ने किया आरोपी को पुलिस के हवाले
अमर उजाला ब्यूरो
कुसुम्हा। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के कोरौली बाजार में बुुधवार की दोपहर कॉलेज जा रही छात्रा के संग मनचले युवक को छेड़छाड़ करना मंहगा पड़ गया। युवक की हरकत से परेशान युवती ने पहले तो नजरअंदाज किया। लेकिन काफी आजिज आने के बाद युवती ने सरे बाजार युवक की धुनाई कर दी। इस दौरान बाजार के सभी व्यापारी एकत्रित हो गए ओर युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिए।
दोहरीघाट एक निजी विद्यालय में पढ़ने वाली छात्रा बुधवार को कॉलेज जा रही थी। जहां कोरौली बाजार में दोहरीघाट जाने के ऑटो में बैठने के दौरान रसूलपुर निवासी एक युवक उससे छेड़छाड़ करने लगा। युवती ने मनचले की इस हरकत पर उसकी सरे बाजार में धुनाई शुरू कर दी। युवक की पिटाई होते देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया था।
छींटाकशी के विरोध में मनबढ़ों ने युवक को पीटा
इंदारा। कोपागंज थाना क्षेत्र के इंदारा स्टेशन के पास मंगलवार की देर शाम मनबढ़ों ने युवक को उस समय पीट दिया, जब उसने अपनी बहन पर की गई छींटाकशी का विरोध किया। मनबढ़ों की पिटाई से युवक गंभीर रूप से घायल हुआ।
घायल युवक कोपागंज थाना क्षेत्र के पिपरौता गांव का रहने वाला है। मंगलवार रात को वह अपनी बहन को ट्रेन पकड़वाने के लिए इंदारा स्टेशन पर बाइक से जा रहा था। इंदारा स्टेशन के पास युवक पान खाने के लिए रुका। इस दौरान वहां पहले से आठ की संख्या में मौजूद युवकों ने उसकी बहन पर फब्तियां कसना शुरू कर दिया। युवती के भाई ने जब विरोध किया तो मनबढ़ों ने उसकी जमकर पीटाई कर दी। पीड़ित ने घटना के बाबत रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया। इसमें करीमाबाद निवासी एक युवक को नामजद तथा अन्य अज्ञात को आरोपित किया है। ब्यूरो