मधुबन । थाना क्षेत्र के मर्यादपुर बाजार स्थित आभूषण की दुकान के साथ गुमटी में संचालित जनरल स्टोर की दुकान का ताला रविवार की रात को तोड़कर चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान चोर सर्राफ की दुकान से एक लाख रुपये मूल्य का आभूषण तथा किराने की दुकान से तीन हजार रुपया नगद के साथ बीस हजार रुपये मूल्य का सामान चुरा लिये। चोरों के द्वारा तोड़कर फेंकी गई आलमारी घटनास्थल से थोड़ी दूरी पर खेत में फेंकी मिली। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस पूरे मामले की जांच करने के बाद पीडि़तों से तहरीर लेकर वापस लौट गई।
मधुबन थाना क्षेत्र के डुमरी गांव निवासी रविकांत वर्मा मर्यादपुर बाजार में पुराने मछली मंडी के पास आभूषण की दुकान किए है। नित्य की भांति रविवार शाम रविकांत दुकान बंद कर घर चले गए। देर रात चोर दुकान का शटर तोड़कर अंदर रखी गोदरेज की अलमारी उठा ले गए। इसके बाद इत्मीनान से सिवान में आलमारी को तोड़कर अंदर रखा करीब एक लाख रुपये मूल्य का आभूषण चुराकर ले गए। रविकांत सोमवार की सुबह जब सिवान की तरफ गए तो उन्हें उनकी टूटी हाल में अलमारी फेंकी मिली। इस दौरान गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। दुकानदार अपनी दुकान पर पहुंचा, जहां ताला टूटा देख वह हतप्रभ रह गया। वहीं दूसरी ओर चोरों ने रविवार रात बाजार में गुमटी में संचालित किराने की दुकान का ताला तोड़कर अंदर रखा तीन हजार रुपया नगद के साथ 20 हजार रुपये मूल्य का सामान चुरा लिये। स्थानीय लोगों के बताने पर दुकानदार बब्बन सिंह को चोरी की घटना की जानकारी हुई। दुकान स्वामी बब्बन गुरूम्हा गांव के निवासी हैं। दोनों दुकानदारों ने घटना की लिखित सूचना पुलिस को दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है।