चिरैयाकोट। थाना क्षेत्र के चिरैयाकोट-मुहम्मदाबाद गोहना मार्ग स्थित परदेशी मोड़ पर बुधवार की रात बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हुआ। घायल युवक को जबतक अस्पताल भेजने की व्यवस्था की गई, उसकी मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। सुवक ने हेलमेट नहीं पहना था।
मृतक चंद्रशेखर (23) रानीपुर क्षेत्र के नागपुर गांव निवासी रामनरेश यादव का पुत्र था। वह बुधवार की शाम किसी काम से अपनी बाइक से चिरैयाकोट बाजार गया था। वहां से वापस लौटने में युवक को देर हो गई। इस दौरान रात 12 बजे के करीब बाजार से घर लौटने के दौरान उसकी बाइक परदेशी मोड़ पर सड़क किनारे मौजूद पेड़ से टकरा गई। तेज रफ्तार में बाइक के पेड़ से टकराने और युवक के हेलमेट न पहनने से उसके सिर में गंभीर चोटें आई। मेला देखकर लौट रहें लोगों ने सड़क के किनारे घायल युवक का देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजवाने की व्यवस्था कर रही थी। इस बीच उसकी मौत हो गई। युवक के जेब से मिले आधार कार्ड से पुलिस को इस घटना की जानकारी हो सकी। पुलिस युवक के परिजनों को घटना की सूचना दी। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। उधर इस संबंध में मृतक के भाई अरविंद यादव ने गुरुवार को हादसे का अज्ञात कारण दिखाते हुए थाने में तहरीर दी है। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने इस मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी।
अनियंत्रित हुई बाइक, सवार घायल
फतेहपुर मंडाव। मधुबन कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुर के पास गुरुवार की दोपहर बाइक अनियंत्रित होने से बाइक सवार घायल हो गया। आजमगढ़ जिले के बनकट गांव निवासी रामाधार (50) गुरुवार को बाइक से किसी काम से बेल्थरारोड जा रहे थे। रास्ते में तेज रफ्तार होने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार रामाधार गंभीर रुप से घायल हुए। स्थानीय लोगों ने घायल को उपचार के लिए फतेहपुर मंडाव सीएचसी में भर्ती कराया।