थाने के चकवा खुर्द गांव से बृहस्पतिवार की सुबह साइकिल से कोचिंग के लिए निकले 12वीं के छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के पीछे खेत से पानी निकलने का विवाद बताया जा रहा है। हमलावरों की गिरफ्तारी पर अड़े छात्र के परिजनों व ग्रामीणों ने पुलिस को तीन घंटे तक शव नहीं उठाने दिया। बड़े भाई की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही दो लोगों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
चकवा खुर्द के किसान जयराम सिंह यादव का छोटा बेटा बीपी उर्फ उपेंद्र यादव (18) लाला राम इंटर कॉलेज में 12वीं का छात्र था। उपेंद्र के बड़े भाई अनिरुद्ध ने पुलिस को बताया कि एक माह पहले खेत से पानी निकलने को लेकर उपेंद्र का गांव के ही बॉबी उर्फ अवनीत और उसके भाई नीरू पुत्र राजेश यादव से विवाद हो गया था। इसी रंजिश में बृहस्पतिवार सुबह पौने नौ बजे बॉबी और नीरू ने उपेंद्र को घेर लिया। उपेंद्र जान बचाने को साइकिल छोड़कर खेतों की ओर भागा। हमलावरों ने दौड़ाकर उसके ऊपर पांच-छह फायर झोंक दिए। उपेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर भाई बाइक से हवाई फायरिंग करते हुए भाग गए। सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के समझाने पर तीन घंटे बाद ग्रामीण व परिजन माने और मौके से शव उठाने दिया। थाने के इंस्पेक्टर मुकेश चौहान ने बताया कि मामला आपसी विवाद का लग रहा है। उन्होंने बताया कि छात्र के पिता ने गांव में किसी से रंजिश होने से इनकार किया है। वहीं उपेंद्र के भाई की तहरीर पर पुलिस ने बॉबी और नीरू खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। दोनों आरोपी गांव से फरार बताए जा रहे हैं।