ससुराल गए युवक का रेलवे ट्रैक पर मिला शव
मऊ। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के अछार गांव के निकट रेलवे के किनारे रविवार की रात अपने ससुराल आए एक युवक गंभीर रूप से घायलावस्था में मिला। गार्ड की सूचना पर 100 नंबर की पुलिस ने उसे जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया जहां उसकी मौत हो गई। युवक के पिता ने ससुराल के लोगों पर ही हत्या करने का आरोप लगाया है। मामला पैसे के लेनदेन का बताया जा रहा है। बहरहाल पुलिस अभी इस मामले को हत्या नहीं मान रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ ही जांच पड़ताल की बात कह रही है।सरायलखंसी थाना क्षेत्र के अछार रेलवे क्रासिंग के निकट रविवार की रात एक युवक अचेतावस्था में घायल मिला। उसके सिर एवं हाथ में गंभीर चोट लगी हुई थी। पास स्थित रेलवे क्रासिंग के गार्ड ने उसे देखा तो 100 नंबर पर पुलिस को सूचित कर उसे अस्पताल पहुंचवाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया। युवक की पहचान रामदुलारे (30) पुत्र संताराम के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर इसकी जानकारी दी लेकिन रात में ही युवक ने दम तोड़ दिया। युवक की ससुराल घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर अछार गांव में थी। वह शनिवार को पिता के मना करने के बाद भी अपने साले के फोन करने पर आया था। उसकी पत्नी दुर्गा अपने एक बच्चे के साथ एक सप्ताह से अपने मायके ही रह रही थी। मृतक के पिता का शक है कि उसके बेटे की ससुराल में ही पैसे के लेनदेन के चक्कर में हत्या हुई है। बताया कि ससुराल के लोगों ने पास में जमीन दिलाने के लिए पैसा लिया था। इसी को लेकर उनसे इन दिनों मनमुटाव भी चल रहा था। इस संबंध में सीओ सिटी पंकज सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही पता चल सकेगा कि युवक की मौत की मुख्य वजह क्या है। युवक के परिजनों ने शक के आधार पर मामले में जांच पड़ताल कर कार्रवाई की जाएगी।