गोंडा निवासी रिटायर इंजीनियर की थी अज्ञात लाश
अमर उजाला ब्यूरो
शुजागंज (फैजाबाद)। रुदौली कोतवाली क्षेत्र के अख्तियारपुर, नयापुरा प्रधानमंत्री के निकट सड़क किनारे बीते 2 जून को मिले वृद्ध के शव की शिनाख्त गोंडा जिले के उमरी बेगमगंज निवासी सहदेव सिंह उर्फ मंगरु के रूप में हुई है। वह दिल्ली की एक कोल्डड्रिंक बनाने वाली फैक्ट्री में इंजीनियर पद से रिटायर होकर घर पर रह रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है, हालांकि मृतक के पौत्र ने वृद्ध की मानसिक स्थिति खराब बताया है।
बीते 2 जून को 60 वर्षीय वृद्ध का शव खेत में पाया गया था, लेकिन पहचान नहीं हो सकी थी। मृतक के पौत्र कमल सिंह ने बताया कि दो वर्ष पूर्व पत्नी की मौत के पश्चात सहदेव सिंह की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी। वह दिल्ली की सॉफ्टड्रिंक फैक्ट्री में इंजीनियर थे, रिटायर होकर घर पर रह रहे थे। वे आध्यात्मिक विचारधारा के थे। एक जून को साइकिल लेकर निकले थे। उमरी बेगगंज स्थित एक दुकान पर साइकिल खड़ी करके चले गए। यहां कैसे आए, पता नहीं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट न मिलने के कारण मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। जांच की जा रही है।