मधुबन। प्रेम प्रसंग में मारी गई 10 वीं की छात्रा के हत्यारोपी भाई को पुलिस ने बुधवार को राजेंद्र नगर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस मामले में छात्रा की मां और भाई के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। बता दें कि कुंडा सरीफपुर नहर में फेंकी हुई 14 वर्षीय युवती की लाश नौ दिसंबर को मिली थी। पुलिस जांच के अनुसार मृत युवती का गांव के ही एक किशोर से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आठ दिसंबर को छात्रा युवक से मोबाइल से बात कर रही थी जिसे मां अंजनी देवी और भाई अशोक चौहान ने देख लिया। पुलिस का मानना है कि युवती के परिजनों ने विषाक्त पदार्थ खिला कर हत्या कर दी तथा साक्ष्य छिपाने के लिए देर रात कुन्डासरीफपुर स्थित नहर में शव को फेंक आये। मुखबिर की सूचना पर बुधवार सुबह सात बजे प्रभारी निरीक्षक नीरज पाठक दल बल के साथ राजेंद्र नगर पहुंच कर भागने के फिराक में आरोपित भाई अशोक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।