चिरैयाकोट। स्थानीय थाना क्षेत्र के सरौंदा पोखरा में मंगलवार की दोपहर में नलकूप से पाइप द्वारा पानी ले जाते समय पाइप पर ट्रैक्टर चढ़ जाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। जिसमें एक पक्ष से पति पत्नी तथा दूसरे पक्ष से एक घायल हो गया। एक पक्ष द्वारा तहरीर दी गई। अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। स्थानीय थाना क्षेत्र के सरौंदा गांव निवासी सोनू पुत्र महेश यादव रबी फसल की बुआई करने की तैयारी को लेकर अपने खेत में प्लास्टिक की पाइप लगाकर पास के नलकूप से पानी ले जा रहा था कि इतने में गांव में जाने वाली चकरोड से होकर ट्रैक्टर लेकर गांव का हरिनाथ यादव पुत्र रामधनी यादव कहीं से आ गया और ट्रैक्टर पाइप पर चढ़ा दिया। जिससे पाइप फट गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों मे मारपीट हो गई। जिसमें रामकिशुन उर्फ सोनू (35) तथा दूसरे पक्ष से हरिनाथ(55) और उसकी पत्नी प्रमिला (50) घायल हो गई। अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है।