मऊ। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के शेखअहमदपुर मड़ईयां गांव के पास रविवार की रात बाइक सवार बदमाशों ने बायो मैट्रिक इंजीनियर को तमंचे से भयभीत कर उसकी बाइक, मोबाइल के साथ 25 हजार रुपया नगद लूट लिए। घटना के समय पीड़ित इंजीनियर आजमगढ़ स्थित लाइफ लाइन अस्पताल से अपने घर जमालपुर जा रहा था। लूट की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस पीड़ित से पूछताछ कर रही थी।
पीड़ित युवक जबाहिर हलधरपुर थाना क्षेत्र के जमालपुर गांव का निवासी है, वह आजमगढ़ के मड़या मुहल्ला स्थित लाइफ लाइन अस्पताल में बतौर बायोमैट्रिक इंजीनियर कार्यरत है। अन्य दिनों की भांति रविवार की रात जवाहिर अपनी बाइक से घर जा रहा था। इस दौरान रात को सवा आठ बजे के करीब जैसे ही उसकी बाइक मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के शेखअहमदपुर मड़या गांव के पास पहुंची। तभी पीछे से आ रहे बाइक सवार दो युवकों ने उसे ओवरटेक कर रोक लिया। साथ ही तमंचे से भयभीत कर उसकी बाइक, मोबाइल तथा साथ में मौजूद 25 हजार रुपया नगद लूटकर फरार हो गए। बदमाशों के भागने के बाद पीड़ित ने शोर मचाया। इस दौरान जुटी भीड़ में से किसी ने इसकी सूचना मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली पुलिस को दिया। लूट की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी राममूर्ति मय फोर्स मौके पर पहुंचे। समाचार लिखे जाने तक पुलिस पीड़ित इंजीनियर से पूछताछ कर रही थी। पीड़ित की मानें तो लूटरे एक बाइक पर दो की संख्या में सवार थे। उनके हाथ में असलहा था।