मऊ। जिले के दो थाना क्षेत्रों में आंबेडकर प्रतिमाओं को शरारती तत्वों ने शनिवार की रात में क्षतिग्रस्त कर दिया। हलधरपुर थाना क्षेत्र के जमदरा गांव में स्थित अंबेडकर प्रतिमा को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया था। गुस्साए ग्रामीणों ने जमदरा लखनपी चकरा मार्ग जाम कर दिया। पुलिस ने यहां पर नई प्रतिमा लगवा दी। कोपागंज थाना क्षेत्र के फिरोजपुर ग्राम पंचायत के मौजा कनियारीपुर में लगाई गई प्रतिमा के एक हाथ की अंगुली और अंगूठा तोड़ दिया और प्रतिमा पर ईंट पत्थरों से प्रहार कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। हलधरपुर, रतनपुरा, इंदारा : हलधरपुर थाना क्षेत्र के गांव जमदरा में मनबढ़ों ने डॉ. भीम राव आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की जानकारी पाते ही ग्राम प्रधान राम परिख राम, विजय कुमार, बसपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार राजू, अरबिंद, नन्दलाल बागी, रामचंद्र, शमसेर सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और उन्हाेंने जमदरा-लखनपी चकरा मार्ग जाम कर दिया। नाराज लोगों ने मनबढ़ युवकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर नई प्रतिमा लगाए जाने की जिद्द पकड़ ली। स्थिति बिगड़ती देख दो घंटे बाद एसडीएम डॉ अंकुर लाठर, तहसीलदार सदर मिथिलेश त्रिपाठी, सीओ मधुबन श्वेता आशुतोष ओझा के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। अधिकाररियों के आश्वासन पर लोगों ने जाम समाप्त कर दिया। पुलिस ने रसड़ा से मंगवा कर नई प्रतिमा लगवाई। तब जाकर लोग शांत हुए।
कोपागंज : थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत फिरोजपुर के मौजा कनियारीपुर में स्थित अंबेडकर प्रतिमा को शनिवार की रात में शरारती तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रतिमा के कई हिस्सों पर ईंट से प्रहार कर पूरी तरह क्षतिग्रस्त करने की कोशिश की गयी थी। रविवार को प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की जानकारी होने पर लोगों में गुस्सा फैल गया। समिति के अध्यक्ष ने घटना की जानकारी ग्रामप्रधान और पुलिस को सूचना दी। भारी संख्या में ग्रामीण प्रतिमा के पास एकत्र हो गए और शरारती तत्वों के विरूद्व कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना पर कोतवाल मय फोर्स घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों को समझा बुझा शांत कराया और क्षतिग्रस्त प्रतिमा की मरम्मत कराया। तब जाकर लोगों का गुस्सा शांत हुआ। मौके पर पुलिस तैनात कर दी गई है। इस दौरान समिति के योगेंद्र, ग्राम प्रधान रामअवतार, जितेन्द्र गोयल, रामप्रवेश, राजकुमार, मिंटू, निमेश, दिनेश, अरविंद, बबलू यादव सहित अनेकों लोग मौजूद रहे।