मुहम्मदबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के वलीदपुर नगर पंचायत के मोहल्ला बिचला पूरा में शुक्रवार शाम 6:30 बजे गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस को एक समुदाय के लोगों ने रोक दिया। विरोध करने वाले लोगों का तक्र था कि इस रास्ते से कभी भी गणेश प्रतिमा जुलूस विर्सजन के लिए नहीं जाता था। अब इस रास्ते से जुलूस ले जाने की नई परंपरा हम लोग नहीं स्थापित करने देंगे। जबकि प्रतिमा विसर्जन जुलूस ले जाने वालों का तर्क था कि वे कई सालों से इसी रास्ते से गणेश प्रतिमा विर्सजन जुलूस ले जाते रहे हैं और इस बार भी इसी रास्ते से ले जाएंगे। विवाद की जानकारी पाते ही प्रभारी निरीक्षक मौके पर पहुंचे और उन्होंने लोगों को समझाबुझाकर जुलूस आगे बढाया और प्रतिमा को तमसा नदी में विसर्जित कराया। इस मामले में सीओ आलोक कुमार जायसवाल का कहना है कि जुलूस पहले से ही उसी रास्ते से ले जाया जाता रहा है। लोगों को समझाबुझा दिया गया। अब कोई विवाद नहीं है।