दोहरीघाट। थाना क्षेत्र के रामपुर धनौली गांव के पास दोहरीघाट-आजमगढ़ मार्ग पर शुक्त्रस्वार की शाम आठ बजे बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रामपुर धनौली गांव निवासी सीताराम यादव 40 पुत्र शिवपाल बाइक से घर से बाजार के लिए निकला था। गांव से लगभग 150 मीटर दूर देई माई के स्थान के पास सामने से आ रहे बेकाबू ट्रक ने उसे कुचल दिया। ट्रक का अगला पहिया सीताराम के सिर के ऊपर से गुजर गया। जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक सहित फरार हो गया। इधर सीता राम को लेकर लोग सीएचसी पहुंचे। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक अपने तीन भाईयों में सबसे बड़ा था। हादसे के बाद मृतक की पत्नी मीना और बेटी शिखा, रिया तथा बेटा आदर्श के साथ ही मृतक के छोटे भाई सुरेंद्र और रामजन्म भी बड़े भाई की मौत पर बिलख रहे थे।