घोसी। कोतवाली क्षेत्र के पिढ़वल गांव निवासी एक व्यक्ति के घर में बुधवार की रात छत के रास्ते घुसे चोरों ने नगद समेत लगभग तीन लाख के सामान चुरा ले गए। घटना को अंजाम देने के दौरान चोरों ने घर में सो रहे लोगों के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दिया था। इसका परिणाम हुआ कि परिवारीजन कमरे में कैद होकर रह गए। घटना के बाबत फरियादी ने घोसी कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दिया।
घोसी कोतवाली क्षेत्र के पिढ़वल गांव निवासी नीरज सिंह पुत्र शिवनाथ सिंह के घरवाले बुधवार को खाना खाने के बाद कमरों में सोने चले गए। इस बीच छत के रास्ते से घर में चोर घुसे और अंदर रखा सामान चुरा ले गए। इस दौरान चोरों ने नीरज सिंह और उनके माता पिता के कमरों के दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद चोरों ने घर के एक कमरे में रखा चार बक्सा समेत 10 हजार नकदी, सोने की अंगूठी, गले का हार, कंगन, नथिया, चूड़ी और पायल चोरी कर ले गए। चोरी की जानकारी नीरज सिंह को गुरुवार की सुबह हुई। सुबह सभी को पता चला कि उनके कमरों का दरवाजा बाहर से बंद है। जिस पर नीरज सिंह ने बगल के लोगों को फोन कर बुलाया। वहीं गांव के बाहर नहर किनारे गन्ने की खेत में बाक्स मिला। पीड़ित ने बताया कि नगदी सहित 3 लाख की चोरी हुई है।