शहर कोतवाली क्षेत्र के कतुआपुरा मुहल्ले से संदिग्ध हाल में 26 अक्तूबर को लापता हुआ छात्र एक माह से ज्यादा समय के बाद मंगलवार को लखनऊ के एक होटल से बरामद हुआ। छात्र घर से कोचिंग पढ़ने के लिए निकला था। इसके बाद उसका पता नहीं चला। बरामदगी के बाद पता चला कि वह पिता की डांट से क्षुब्ध होकर यह कदम उठाया था। छात्र के बरामद होने पर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने हर्ष जताया।
लापता छात्र शशांक शेखर मिश्र शहर कोतवाली क्षेत्र के कतुआपुरा मुहल्ला निवासी राघवेंद्र मिश्र का पुत्र है। वह कक्षा 11 का छात्र है। बीते 26 अक्तूबर को वह घर से कोचिंग के लिए निकला, इसके बाद से उसका पता नहीं चला। इस दौरान व्यापार मंडाल के पदाधिकारियों से लेकर अन्य संगठनों ने पुलिस पर दबाव बनाने के साथ आंदोलन करने की धमकी दिया था। कोतवाली पुलिस की मानें तो छात्र के लापता होने पर पुलिस उसके फेसबुक आदि को सर्विलांस पर लगाई। इस दौरान लोकेशन लखनऊ मिलने पर चौकी प्रभारी संस्कृत पाठशाला विनय सिंह लखनऊ रवाना हुए। इस दौरान छात्र वहां एक होटल से बरामद हुआ। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष डा. रामगोपाल ने इस बरामदगी को उपब्धि बताया। बोले देर से ही सही पुलिस केे प्रयास से घर का चिराग लौटा।