हलधरपुर। थाना क्षेत्र के समनपुरा गांव में मंगलवार की रात भैंस चुराने आए चोर विरोध कर रही महिला को ही उठा ले गए। दो किलोमीटर आगे बिलौंझा-मलप मार्ग पर सड़क किनारे उसे फेंक कर भाग निकले। बुधवार की सुबह महिला अद्ध बेहोशी की हालत में मिली। परिवार की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही एक नामजद और पांच अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। समनपुरा गांव निवासी एक व्यक्ति के घर पिकअप वाहन से पहुंचे चोर दरवाजे पर बंधी भैंस खोल रहे थे। आहट पाकर परिवार की एक महिला जाग गई और विरोध किया। फिर क्या था, चोरों ने उसे ही पकड़ लिया मुंह दबाकर पिकअप पर लादकर भाग निकले। घर के अन्य लोग भी जाग गए और उसकी खोजबीन शुरू की।बलौंझा-मलप मार्ग के किनारे दो किलोमीटर दूर गेहूं के खेत में महिला अर्द्ध बेहोशी की हालत में मिली। परिजनों की सूचना पर पहुंची 112 डायल पुलिस ने महिला को सीएचसी रतनपुरा पहुंचाया। पुलिस ने गृहस्वामी की तहरीर पर गांव के इस्लाम नट तथा पांच अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। उल्लेखनीय है कि दो मार्च को इसी व्यक्ति की कीमती दुधारु भैंस चोर चुरा ले गए थे। उसकी पड़िया घर पर है। चोरों की नजर उसी पड़िया पर थी। एसओ रुपेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर पर एक नामजद और पांच अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तारी के लिए प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।