भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को सांप्रदायिकता, भ्रष्टाचार और अंधविश्वास के विरुद्ध गाजीपुर तिराहे से जुलूस निकाला। जुलूस कलेक्ट्रेट परिसर जाकर धरने में तब्दील हो गया।
भाकपा के राष्ट्रीय परिषद सदस्य एवं भूतपूर्व विधायक इम्तेयाज अहमद ने महाराष्ट्र के भाकपा नेता गोविंद पंसारे की हत्या की सीबीआई जांच कराने की मांग की।
इस दौरान उन्होंने कहा जब से केंद्र में भाजपा की सरकार बनी है सांप्रदायिक ताकतें मजबूत हुईं हैं साथ ही अंधविश्वास भी बढ़ा है। कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने वादा तो बहुत किया था लेकिन काम कुछ नहीं किया।
उन्होंने यह भी कहा कि महाराष्ट्र में भाकपा नेता गोविंद पंसारे की हत्या की वजह ये सांप्रदायिक ताकतें हैं। इस घटना की सीबीआई जांच आवश्यक है। कहा कि प्रदेश सरकार में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं।
अपराधिकयों का मनोबल बढ़ा हुआ है यही कारण है कि आए दिन अपराध पर अपराध हो रहे हैं। कहा कि प्रदेश में आए दिन अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए हैं।
इस मौके पर जिला सचिव विनोद कुमार राय, रामसोच यादव, रामकुमार, अनीस अहमद, श्यामबहादुर चौहान, रामजीत चौहान आदि ने सभा को संबोधित किया।
कार्यक्रम के उपरांत राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से अनीस, रामनाथ गौतम, मुन्नी देवी, डा. जयप्रकाश आदि उपस्थित रहे।