कोपागंज। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम काछीकला निवासी रामजनम चौहान की तहरीर व सीओ घोसी के आदेश पर मारपीट के मामले में पुलिस ने शनिवार की शाम सात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामला जमीन के विवाद का है, इसको लेकर बीते पांच जुलाई को थाने में समझौता भी हुआ था। दर्ज मुकदमे के उनुसार रामजनम चौहान ने अपने खेत का वाद तहसीलदार सदर के कोर्ट में दाखिल किया है।
उनके खेत से सटे सूरज कुमार, विशाल, पूजा देवी, गौतम, विसर्जन, शेषनाग और किशन का घर और खेत भी है, जो एक ही परिवार के हैं। वो अपनी खेत में जोताई बोआई करते हैं, लेकिन रामजनम को जोतने बोने से मना करते हैं। बीते पांच जुलाई को थाने में समझौता हुआ कि पक्की पैमाइश तक दोनों पक्ष अपने अपने खेत में जोताई बोआई करेंगे। अगले दिन छह जुलाई की सुबह 6:30 बजे रामजनम अपनी पत्नी मालती के साथ खेत गए और ट्रैक्टर से जोतवाकर साइकिल से घर जा रहे थे। वहां सभी सातों लोग पहुंचकर गाली देते हुए लाठी डंडा, हसिया और ईंट से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिए। थानाध्यक्ष रविंद्रनाथ राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर सात पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच चल रही है।