मतगणना स्थल और स्ट्रांग रुम के बाहर तैनात सीआईएसएफ का जवान।
विधानसभा चुनाव की मतगणना शनिवार को सुबह आठ बजे से कलेक्ट्रेट में होगी। प्रशासन ने मतगणना की सभी तैयारी पूरी कर ली है। कलेक्ट्रेट के भूतल एवं प्रथम तल के हाल में चारों विधानसभा सीट की मतगणना होगी।
इसके लिए बैरिकेडिंग का भी कार्य शुरू हो गया है। अलग-अलग बैरिकेडिंग हो रही है ताकि कोई भी व्यक्ति एक दूसरे की सीट में न जाने पाएं। पूरी मतगणना सीसी कैमरे की नजर में होगी। हर काउंटर पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती होगी। कलेक्ट्रेट में तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना होगी। इसे पार करके ही प्रत्याशी और उनके अभिकर्ता मतगणना स्थल पर पहुंच सकेंगे। अन्य लोगों का प्रवेश वर्जित है। मतदान की समाप्ति के बाद मतगणना की तैयारी को लेकर प्रशासन ने अपना पूरा खाका तैयार कर लिया है।
कलेक्ट्रेट के भूतल हाल में उत्तरी तरफ मधुबन एवं दक्षिणी तरफ मुहम्मदाबाद गोहना विधानसभा की मतगणना होगी। वहीं प्रथम तल पर उत्तरी तरफ घोसी एवं दक्षिणी तरफ सदर विधानसभा की मतगणना होगी। हर विधानसभा में 12-12 मतगणना के लिए काउंटर रखे जाएंगे। अर्थात एक साथ 12 बूथों की मतगणना शुरु होगी।
यही क्रम हर विस सीट में चलेगा। हर काउंटर पर एक पर्यवेक्षक, एक गणना कर्मी एवं एक माइक्रो आब्जर्वर की नियुक्ति होगी। इसके अलावा एक काउंटर आरओ का हर विधानसभावार लगाया जाएगा। यहीं से मतगणना का रिजल्ट प्रसारित होगा। इस संबंध में उपजिलानिर्वाचन अधिकारी शिवकुमार वर्मा का कहना है कि मतगणना को लेकर पूरी तैयारी की जा रही है। कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जा चुकी है। वहीं सुरक्षा व्यवस्था के भी बंदोबस्त पूरे कर लिए गए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक रवींद्र कुमार सिंह ने बताया कि कलेक्ट्रेट में मुख्य गेट अंदर एवं मतगणना स्थल पर गेट बनाए गए हैं। मतगणना स्थल पर प्रत्याशी एवं उनके अभिकर्ता ही अंदर जा सकेंगे। विजय जुलूस पर पूर्णतया प्रतिबंध है।