मऊ। बेसिक शिक्षा विभाग से संबद्ध परिषदीय विद्यालयों में 69 हजार शिक्षक भर्ती के क्रम में 200 सहायक अध्यापक पदों के लिए काउंसिलिंग प्रक्रिया तीन जून से शुरू होगी। अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग प्रक्रिया तीन, चार जून को पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न चार बजे तक डायट परिसर स्थित बीआरसी परदहां में होगी। विभागीय अधिकारी काउंसिलिंग प्रक्रिया को अंतिम रुप देने में लगे रहे।
परिषदीय विद्यालयों में 69 हजार शिक्षक भर्ती के लिए जिला आवंटन की सूची सोमवार को देर शाम जारी होने को लेकर विभागीय अधिकारी तथा कर्मचारी काउंसिलिंग प्रक्रिया की तैयारी में लगे रहे। जिले में 200 सहायक अध्यापक के पदों पर विभाग की तरफ से काउंसिलिंग प्रक्रिया की तिथि निधार्िरित कर दिया है। काउंसिलिंग डायट परिसर स्थित बीआरसी परदहां के सभाकक्ष में तीन जून से शुरू होगी। तीन जून को पूर्वाह्न 10 बजे से शाम चार बजे तक दिव्यांग तथा महिला अभ्यर्थियों की होगी। जबकि चार जून को पूर्वाह्न 10 बजे से शाम चार बजे तक पुरुष तथा छूटे अभ्यर्थियों की होगी।
महिला तथा पुरुष वर्ग की काउंसिलिंग के लिए नगर शिक्षा अधिकारी अशोक गौतम तथा दिव्यांग, विशेष आरक्षण के लिए खंड शिक्षा अधिकारी परदहां रमेश सिंह को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इस बाबत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी त्रिपाठी का कहना है कि काउंसिलिंग प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों द्वारा प्रस्तुत अभिलेखों की नामित अधिकारियों तथा कर्मचारियों की तरफ से गहनता से जांच करने का निर्देश दिया गया है।