ब्लाक मुख्यालय स्थित उप डाकघर के सामने लगा पत्र पेटिका काफी समय से टूटी पड़ी है। इसके चलते लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया जा सका है।
रतनपुरा ब्लाक मुख्यालय स्थित उप डाकघर के पास जेसीबी से खुदाई के दौरान डाकघर की पत्रपेटिका टूट गई थी, लेकिन एक माह बाद भी विभाग की ओर से दूसरी पत्र पेटिका नहीं लगाई जा सकी है। लोगों का कहना है कि पत्र डाकघर में जमा करने पर भी दिए गए पते पर नहीं पहुंच पा रहा है। दूसरी पत्र पेटिका लगवाने में विभागीय अधिकारी रुचि नहीं ले रहे हैं। यही नहीं डाकघर में पोस्टल आर्डर, विदड्राल फार्म, जमा फार्म आदि पाने के लिए लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ती है। सुरेंद्र प्रसाद, भगवान प्रसाद, जयप्रकाश सिंह, रविंद यादव, स्वामीनाथ आदि का कहना है कि डाकघर में में व्याप्त अव्यवस्था से लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। डाकघर के सामने लगी पत्र पेटिका टूटने के हफ्तों बाद भी बदला नहीं जा सका है। ऐसे में पत्र को लेटरबाक्स में डालने के लिए दूसरे डाकघर जाने में काफी दूर जाना पड़ रहा है। उप डाकघर के सब पोस्टमास्टर रामनाथ यादव का कहना है कि पत्र पेटिका टूट गई है। विभागीय अधिकारियों को पत्र भेजा गया है। उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान कराने का हर संभव प्रयास किया जाता है।