मधुबन थाना क्षेत्र के भैरोपुर गांव निवासी ट्रैक्टर चालक नौरंग यादव से मारपीट के मामले में एसपी कमलेश बहादुर के निर्देश पर पुलिस ने जांच बैठा दी है। मामले की जांच एएसपी अनूप कुमार को सौंपी गई है। सोमवार को इसकी जानकारी जांच अधिकारी और एएसपी ने वीडियो जारी कर दी।
एएसपी ने बताया कि मधुबन थाना क्षेत्र के भैरोपुर गांव निवासी नौरंग ने आरोप लगाया है कि 30 अप्रैल को मेहदियाकुंड गांव में रामदेव के खेत के समतलीकरण के दौरान सीओ मधुबन अंजनी कुमार पांडेय, उनके चालक बसंत यादव पहुंचे और उसे धमकी दी।
आरोप है कि घटना के बाद ट्रैक्टर चालक सीओ कार्यालय पहुंचा, जहां उसके साथ मारपीट की गई, जिससे उसका कान का पर्दा फट गया। इसके बाद फर्जी तरीके से ट्रैक्टर-ट्रॉली पर मिट्टी लोड कर उसे सीज कर दिया गया। पीड़ित ने इस मामले में पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर से शिकायत की।
मामले का संज्ञान लेते हुए एसपी ने सीओ, उनके चालक की भूमिका की जांच कर रिपोर्ट एएसपी से मांगी है। एएसपी का कहना है कि जांच की जा रही है। जिसकी भूमिका सामने आएगी उसपर कार्रवाई की जाएगी।