मऊ। जिले में हर रोज कोरोना पाजिटिव मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। रविवार को जांच के बाद आई 1443 रिपोर्ट में तीन की रिपोर्ट कोरोना पाजिटिव रही है। जिले में अबतक कुल 8354 लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव रही है। कुल एक्टिव कोरोना पाजिटिव मरीजों की संख्या 21 हो गई है। इनमें से 15 मरीज होम आइसोलेशन में रखे गए हैं। रविवार को आरटीपीसीआर जांच के लिए 681 तथा एंटीजन से जांच के लिए 390 सैंपल लिए गए। अब तक जिले में एंटीजेन किट से चार लाख दो हजार 985 तथा आरटीपीसीआर से तीन लाख 67 हजार 672 लोगों की जांच की जा चुकी है। जिले में कोविड मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एलवन और एलटू अस्पताल तैयार कर दिए गए हैं। चार आक्सीजन प्लांट शुरू करा दिए गए हैं। कोविड मरीजों की जांच के लिए जिले में 32 आरआरटी टीम तैनात हैं। जिला अस्पताल, महिला अस्पताल, रेलवे स्टेशन, रोडवेज, अर्बन पीएचसी सहित सभी सीएचसी पर कोरोना जांच की जा रही है। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एसएन दुबे ने बताया कि संक्रमित मिले लोगों की कांटैक्ट ट्रेसिंग के साथ सेनेटाइजेशन और आइसोलेट करने की प्रक्रिया चल रही है।