रतनपुरा ब्लाक के इटौरा गाँव में कोरोना पाजिटीव केस मिलने के बाद पहुँचे जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश ?
- फोटो : MAU
मऊ। जिले में आई जांच रिपोर्ट में मंगलवार को छह और कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले। ऐसे में जिले में मरीजों की संख्या 40 पहुंच गई। हालांकि पूर्व में मिले मरीजों में 10 ठीक हो चुके है और एक कि मौत हो चुकी है। इस तरह एक्टिव मरीजो की संख्या 29 है। इन छह मरीजों में एक साथ पांच रतनपुरा ब्लाक के नगवा और इटौरा गांव में मिले। जबकि छठां मरीज रानीपुर ब्लाक के सिरसा गांव निवासी है जो आजमगढ़ मंडल मुख्यालय पर पॉजिटिव पाया गया। पाजीटिव मरीज मिलने पर जिलाधिकारी ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी, सीएमओ डॉ एससी सिंह सहित अन्य अधिकारी नगवा गांव रवाना हुए। मरीजों से उनकी हिस्ट्री लेने के बाद सभी को परदहां ब्लाक परिसर में बनाए गए एल-1 अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार को पॉजिटिव मिले पांचों मरीजों में चार रतनपुरा ब्लाक के नगवा गांव निवासी एक दंपती तथा दूसरे दो संक्रमितों में 54 वर्षीय अधेड़ नगवा गांव का रहने वाला है जबकि संक्रमित चालीस वर्षीय व्यक्ति उसका साढ़ु है, जो मूलरुप से गाजीपुर जिले का निवासी है। लेकिन मुंबई से आने के बाद अपने साढ़ूू के घर रुक गया। नगवा गांव के सभी संक्रमित 26 मई को मुंबई से गोरखपुर स्टेशन पर पहुंचे। वहां बस से घर पहुंचे थे। 27 को उनकी सैंपलिंग हुई। जिसकी रिपोर्ट छह दिन बाद दो जून को आई। वहीं, इटौरा गांव निवासी 37 वर्षीय युवक 22 मई को ट्रक घर पहुंचा था। इसकी सैंपलिंग भी उसी दिन हुई थी, लेकिन रिपोर्ट 11 दिन बाद दो जून को आई। जिसमें वह पाजीटिव निकला। प्रशासन का दावा है कि पॉजिटिव मिले सभी लोग होम क्वारंटीन में रखे गए थे। लेकिन पता चला कि एक संक्रमित के परिवार की रतनपुुरा बाजार में चाय की दुकान है। इसके साथ परिवार के सदस्यों ने दुकान पर काम किया था।सीएमओ डा. एससी सिंह ने बताया कि छठां मरीज रानीपुर ब्लाक के सिरसा गांव निवासी युवक है जो 15 मई को मुंबई से गाजीपुर के रास्ते मऊ आया था। वह दस दिनों तक अपने गांव के प्राथमिक विद्यालय में रहने के बाद वह आजमगढ़ में पीजीआई के एक डाक्टर की गाड़ी चलाने वाले अपने दोस्त के पास 25 को चला गया था। वहां डाक्टर ने युवक को भर्ती करा कर उसकी सैंपलिंग 26 मई को कराई थी। जिसकी जांच रिपोर्ट मंगलवार को आजमगढ़ से आई। सीएमओ डा. एससी सिंह ने बताया कि पांचों संक्रमितों को उपचार के लिए परदहां ब्लाक में मौजूद एल-1 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छठवें की सूचना आ गई है, अब उसे भी आजमगढ़ से मऊ वापस लाया जाएगा।