मऊ। कोपागंज ब्लाक मुख्यालय के दोस्तपुरा मुहल्ले में 19 अप्रैल को मिले कोरोना मरीज की लगातार दो रिपोर्ट निगेटिव आई है। ऐसे में युवक को मेडिकल कॉलेज से डिस्चार्ज कर होम क्वारंटीन की तैयारी की जा रही है। पड़ोसियों की जांच पहले ही निगेटिव हो चुकी है। ऐसे में 17 दिनों के अंतराल में कोई नया मरीज न मिलने पर जिले के ग्रीन जोन में शामिल होने की संभावना बढ़ गई है।सहारनपुर के देवबंद से लौटे 29 मार्च को कोपागंज के दोस्तपुरा निवासी 17 वर्षीय युवक का भेजे गए सैंपल में 19 अप्रैल को कोरोना पॉजीटिव की पुष्टी हुई थी। उसे आजमगढ़ मेडिकल कॉलेज इलाज के लिए भेजा गया। बुधवार को मेडिकल कॉलेज द्वारा गोरखपुर को भेजी गई चौथी रिपोर्ट निगेटिव आई, इससे पहले गोरखपुर भेेजी गई तीसरी रिपोर्ट भी निगेटिव आई थी।लगातार दो रिर्पोट निगेटिव आने के मेडिकल कॉलेज द्वारा युवक को डिस्चार्ज करने की तैयारी शुरू कर दी गई। कयास लगाया जा रहा है कि युवक को बृहस्पतिवार को उसके घर में ही होम क्वारंटीन किया जा सकता है। आजमगढ़ के सीएमओ ने युवक के लगातार दो रिपोर्ट निगेटिव आने की सूचना जिले के सीएमओ को दे चुके हैं। उधर युवक के कोरोना पॉजीटिव मिलने के बाद उसके परिजन तथा पूरे हॉटस्पाट क्षेत्र में सर्वे तथा सैपलिंग के बाद एक भी कोरोना पॉजीटिव मरीज की पुष्टी नहीं हुई है। वहीं बीते 17 दिन में जिले के किसी भी क्षेत्र में कोरोना संक्रमित एक भी मरीज नहीं मिले हैं, ऐसे में 21 दिन तक एक भी मरीज के न मिलने पर जिले के ग्रीन जोन में शामिल की संभावना है।