मऊ। बाहर से लौटने वालों का सिलसिला जारी रहने से कोरोना संक्रमण मुक्त होने के बाद भी जिला डेंजर जोन से बाहर नहीं है।कारण परदेश से आने वाले लोगों में 862 की जांच हो चुकी है। लेकिन 39 लोगों का अभी भी पता नहीं है। हालांकि जिला पुलिस प्रशासन के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम इनकी तलाश कर रही है। कोरोना वायरस संक्रमण से मंडल मुख्यालय आजमगढ़ नहीं बचा। जबकि मऊ के साथ बलिया अभी भी इस महामारी से दूर हैं। जबकि पड़ोसी जिला गाजीपुर इसकी जद में है। ऐसे में लॉक डाउन के बीच बाहर से लोगों के आने का सिलसिला जारी है। ऐसे में मऊ भी रेड जोन में आने की संभावना बढ़ गई है। हालांकि डीएम ने खतरा भापते हुए जिले की सीमा को पूरी तरह से सील कर दिया है। फिर भी परदेश से आने वालों का सिलसिला थम नहीं रहा। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों पर एक नजर डाले तो जिले में कुल 901 लोग परदेश से आए हैं। जारी सूची के हिसाब से स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अब तक 862 लोगों की जांच कर उन्हें जरूरत के हिसाब से क्वारंटीन, होम आइसोलेशन किया। लेकिन अभी सूची के 39 लोगों की जांच होनी शेष है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि लिस्ट में अंकित नाम पता और मोबाइल नंबर गलत होने के कारण लोगों का पता नहीं चल पा रहा।
लॉक डाउन के दौरान जिले में कुल 3213 लोग आए। इसमें 55 लोग दूसरे जिले के थे, जो मऊ उतरने के बाद अपने जिले को रवाना हो गए। जबकि 3158 लोगों को होम आइसोलेशन या फिर क्वारंटीन सेंटरों पर रखकर उनकी निगरानी की गई। बाहर से आने वालों में 831 लोगों ने उस समयावधि को पूरा कर लिया। छोड़े जाने के बाद भी क्वारंटीन सेंटरों पर 161 लोगों को रखकर उनकी निगरानी की जा रही है। हालांकि इस सप्ताह इनका समय भी पूरा हो जाएगा। मालूम हो कि बाहर से आने वाले अब प्रशासन को सूचना नहीं दे रहे। ऐसे में स्वास्थ्य टीम घर-घर जाकर लोगों से बातचीत कर संदिग्ध मिलने वालों का सेंपल लेकर उसे जांच के लिए भेज रही है। अब तक 255 सेंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। इसके विपरीत 159 की रिपोर्ट निगेटिव मिली हे। उधर, जौनपुर जिले से क्वारंटीन होकर बृहस्पतिवार को घर लौटे जिला निवासी युवक के साथी की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर पर जिला प्रशासन जौनपुर ने मऊ को पत्र भेजा। पत्र में अंकित युवक की तलाश कर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसका पुन: सेंपल लेकर जांच के लिए भेजा। युवक का साथी जौनपुर में है, दोनों को एक साथ जौनपुर में क्वारंटीन किया गया था। सीएमओ डा. एससी सिंह ने बताया कि सूचना के हिसाब से स्वास्थ्य विभाग की टीम सेंपलिंग करने के लिए संदिग्धों के पास पहुंच रही है। लोग न जाने किस डर से अपने रोग को छुपा रहे हैं। फिर भी खांसी, बुखार, सर्दी की शिकायत होने पर टीम लोगों का नमूना लेकर उसे जांच के लिए भेज रही है।