मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। बाजार में सोमवार को हुए एंटीजन टेस्ट में एक ही परिवार के दो सगे भाई कोरोना पॉजिटिव मिले। इस पर दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। इससे पूर्व इसी परिवार का एक युवक कोरोना पॉजिटिव मिला था। इस तरह से एक ही परिवार के तीन सगे भाई कोरोना संक्रमित मिलने से मुहम्मदाबाद गोहना बाजार जाने वाला मुख्य मार्ग हॉटस्पॉट घोषित हो गया। सोमवार को दो मरीजों के मिलने पर इस क्षेत्र को पांच सौ मीटर एरिया में सील कर दिया गया है। इससे मोहम्मदाबाद गोहना मुख्य बाजार में जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। साथ ही हॉटस्पॉट क्षेत्र में आने वाले चार बैंकों का भी कार्य पूरी तरह से ठप हो गया है।
कस्बा के भुलीपुर मोहल्ला में तीन-चार दिन पूर्व एक 42 वर्षीय युवक में कोरोना का लक्षण मिला था। युवक को आइसोलेशन सेंटर भेजे जाने के बाद सोमवार को उक्त क्षेत्र में 51 व्यक्तियों का एंटीजन टेस्ट कराया गया। इस दौरान एक ही परिवार के दो भाई कोरोना पॉजिटिव मिले। सोमवार को दो केस मिलने पर इस क्षेत्र को हॉटस्पॉट घोषित कर सील कर दिया गया। इससे कस्बा में जाने वाला प्रमुख मार्ग बंद हो गया। इस दौरान लोगों केे आवागमन करने में काफी असुविधा हो रही है। हॉट स्पॉट एरिया में यूनियन बैंक, स्टेट बैंक, एक्सीस बैंक के साथ एचडीएफसी बैंक मौजूद है। इन बैंकों में सभी कार्य पूरी तरह से ठप पड़ गए।