नगर पंचायत क्षेत्र के कोपागंज भातकोल मार्ग पर सीसी रोड का निर्माण कार्य तीन साल बाद शुरु हुआ है। रोड बनने के बाद विकास कार्य की रफ्तार तेज होने उम्मीद जताई जा रही है। कोपागंज के भातकोल बाजार से मुहम्मदाबाद घोसी मधुबन तक जाने वाली सड़क का चौड़ीकरण का कार्य लोक निर्माण विभाग नेे किया है। सड़क सात मीटर चौड़ा है। क्षेत्र में सीसी ड्रेन का भी निर्माण होना था। इसके लिए गत वर्ष फरवरी 2020 में 33.01 करोड़ रुपया शासन ने स्वीकृत किया था। साथ ही हैंडपंप आदि को हटाने के लिए जल निगम ने 4. 31 लाख रुपये स्वीकृत था। विद्युत पोल आदि हटाने के लिए विद्युत निगम ने 166 .81 लाख रुपये स्वीकृत था। इन कार्यों को मई 2020 तक पूरा करना था। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क का निर्माण हो चुका है। लेकिन कोपगंज नगर पंचायत क्षेत्र में हिकमा से लेकर भातकोल मोड़ तक सीसी रोड का निर्माण किया जाना है।इसमें मानक के अनुरूप निर्माण कार्य में न तो पोल और न ही अतिक्रमण हटाया गया। पुरानी सकरी सड़क के बराबर ही सीसी रोड का निर्माण कराया गया है। इस रोड पर ही ट्रांसफॉर्मर और अतिक्रमण के चलते 50 मीटर सड़क का निर्माण नहीं हो पाया था। कई बार अधिकारियो की जांच के बाद अतिक्रमण हटाकर सड़क निर्माण का वादा किया गया लेकिन सालों बीतने के बाद भी कोई कार्यवाही नहीं हुई। जबकि लोक निर्माण विभाग ने सड़क से सटे ट्रांसफॉर्मर, बिजली के खंभे, सड़क से सटी नाली हटवाने के नाम पर दोनों विभाग को एक करोड़ 35 लाख रुपये का भुगतान किया था। लेकिन इसके बाद भी मौके पर कोई शिफ्टिंग नहीं हुई। इसको लेकर भाजपा नेता प्रमोद राय ने ऊर्जा और नगर विकास मंत्री एके शर्मा को इस सड़क को लेकर पत्र भेजा। तीन साल बाद मंगलवार को 50 मीटर सड़क का निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया, जिससे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।