दोहरीघाट नगर पंचायत के मल्लाह टोला में 18 वर्षों से अधूरा पड़ा है विवाह घर।संवाद
दोहरीघाट नगर पंचायत के मल्लाह टोला में डूडा की ओर से प्रस्तावित विवाह घर का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है, जिससे नगरवासियों में आक्रोश व्याप्त है।
नगर पंचायत के मल्लाह टोला में कस्बे के लोगों की सुविधा के लिए डूडा द्वारा लगभग 10 लाख रुपये की लागत से एक विवाह घर बनाने का प्रस्ताव किया गया था, ताकि स्थानीय लोगों को शादी-विवाह के लिए परेशानी न उठानी पड़े।
18 वर्ष पूर्व निर्माण कार्य शुरू होने पर लोगों में सुविधा की उम्मीद जगी थी, लेकिन संबंधित विभाग की उदासीनता के कारण यह योजना अधर में लटक गई।
विवाह घर की दीवारें तो खड़ी कर दी गई हैं, लेकिन अभी तक छत का निर्माण पूरा नहीं हो सका है। करीब 18 वर्ष पुरानी दीवारें अब जर्जर हो चुकी हैं और किसी भी समय ढहने का खतरा बना हुआ है।
इस संबंध में नगर के महेंद्र साहनी, मुन्ना साहनी, सभासद मनोज जायसवाल, श्रीप्रकाश सोनकर और संदीप मद्धेशिया ने कहा कि निजी मैरिज हॉल में शादी के लिए भारी खर्च करना पड़ता है।
यदि प्रस्तावित विवाह घर पूरा हो जाता तो लोगों को कम दर पर सरकारी सुविधा मिलती। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
इस बाबत अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत मनोज कुमार ने बताया कि अधूरे विवाह घर के निर्माण कार्य को पूरा कराने के संबंध में उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।