ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की तरफ से बैठक आयोजित कर निर्णय लिया गया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ब्लाक क्षेत्र के विभिन्न गांवों को सैनिटाइज करने का निर्णय लिया है। बैठक में विभिन्न गांवों के न्याय पंचायत अध्यक्ष मौजूद रहे।
बैठक पूर्व सांसद बालकृष्ण चौहान के आवास पर आयोजित की गई। बैठक में तय किया गया कि ब्लाक के सभी न्याय पंचायत कार्यकर्ता जिला परिषद का चुनाव लड़ चुके सभी प्रत्याशी के साथ ब्लॉक स्तर के सभी पदाधिकारी ब्लॉक क्षेत्र के प्रत्येक गांव को सैनिटाइज कर लोगों को महामारी के साथ साफ-सफाई के प्रति जागरूक करने का कार्य करेंगे। बालकृष्ण चौहान ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांव को सैनिटाइज कर लोगों को निरोग बनाएं तथा साथ ही साथ सरकारी कर्मचारियों का सहयोग करते हुए इस कोरोना महामारी से सभी को निजात दिलाने में अपना योगदान देंगे। जागरूकता में लोगों को मास्क लगाने, हाथों की सफाई करने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए प्रेरित करेंगे। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव और मऊ जिला के प्रभारी डॉक्टर जनक कुशवाहा ने कहा कि न्याय पंचायत के अध्यक्ष अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करें और अपनी कमेटियों के साथ-साथ पूरे ब्लॉक में कांग्रेस पार्टी द्वारा किए जा रहे प्रयास को सफल बनाने के लिए पुरजोर सहयोग प्रदान करें। कहा कि जरूरत मंद लोगों की सेवा व सहायता के लिए सभी कार्यकर्ता हमेशा तैयार रहें। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष इंतखाब आलम ने कहा कि प्रत्येक ब्लॉक स्तर के गांवों में किसी भी प्रकार की सहायता के लिए हेल्प नंबर जारी कर दिया गया है। कोई भी मरीज उन नंबरों पर संपर्क कर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से सहायता प्राप्त कर सकते हैं। बैठक में मुख्य रूप से जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव अनिल जायसवाल, ब्लाक अध्यक्ष वीरेंद्र कुशवाहा, छोटेलाल, राम बहादुर सिंह, इरफान अहमद, नसरुद्दीन खान, अबरार अहमद, इमरान अहमद, सुग्रीव राम, सिंटू विश्वकर्मा, प्रमोद तिवारी, रुस्तम अहमद, अतहर अली, नसीम खान, विक्रम चौहान, अब्दुल सत्तार आदि उपस्थित रहे।