कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव के नेतृत्व में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दामों में बढ़ोतरी को लेकर पैदल मार्च निकालकर कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा गया।
विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दामों में की गई यह बढ़ोतरी पूरी तरह से अन्यायपूर्ण है। इससे पहले व्यावसायिक गैस सिलेंडर और पांच किलो वाले सिलेंडरों की कीमतें बढ़ाकर सरकार ने पहले ही गरीबों और छोटे व्यापारियों की कमर तोड़ दी थी।
उन्होंने कहा कि इस फैसले के कारण मालभाड़ा बढ़ेगा, जिससे आवश्यक वस्तुएं महंगी हो जाएंगी और आम आदमी के लिए दो वक्त की रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की इस नीति के विरोध में देशहित में राष्ट्रपति के माध्यम से अपनी मांग रखी गई है।
ज्ञापन में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल प्रभाव से वापस लेने तथा घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के दाम कम कर जनता को आर्थिक राहत देने की मांग की गई।
साथ ही बढ़ती महंगाई को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग की गई। चेतावनी दी गई कि जनहित में इन मांगों को पूरा न करने पर कांग्रेस सड़क से लेकर संसद तक आंदोलन को और तेज करेगी।
प्रदर्शन में ओमप्रकाश ठाकुर, उदय प्रताप राय, मनोज गिहार, फहद कादिर, हफीजुर्रहमान, नजीर अहमद, प्रमोद सिंह, शिवाजी कन्नौजिया, सुरेश राजभर, महेंद्र सोनकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।