मधुबन। नगर पंचायत के ब्लॉक संसाधन केंद्र पर बुधवार को न्याय पंचायत सुल्तानपुर बारहगांवा की क्रीड़ा प्रतियोगिता हुई।
प्रतियोगिता में कंपोजिट विद्यालय पांती ने जूनियर वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल किया। पांती के खिलाड़ियों ने 100 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़ और प्राथमिक वर्ग की 100 मीटर, 200 मीटर व 400 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल किया।
प्राथमिक वर्ग की 50 मीटर दौड़ में ऊफरौली की आंचल ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्राथमिक वर्ग के पीटी प्रदर्शन में उसुरी विद्यालय पहले स्थान पर रहा। जूनियर बालक कबड्डी में कटघराशंकर स्कूल की टीम विजेता बनी। जबकि बालिका वर्ग की कबड्डी में पांती ने प्रथम स्थान हासिल किया। सभी विजेता प्रतिभागियों को शील्ड दिया गया। इससे पहले प्रतियोगिता का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी श्याम सुंदर पटेल ने किया। इस मौके पर अनवारुल हक, कन्हैया यादव, मुकेश, ममता पांडेय, वकील सिंह, ह्देश पांडेय, रवींद्र मौर्य उपस्थित रहे।