मऊ। प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए विभाग ने बुधवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी की। इसमें बताया है कि योजना का लाभ निशुल्क मिलता है। अगर कोई इस योजना का लाभ दिलाने के नाम पर रुपये मांगे तो इसकी शिकायत करें। विभागीय स्तर पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
परियोजना अधिकारी डूडा अरविंद पांडेय ने बताया कि मऊ में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अन्तर्गत जांच के नाम पर रुपये लिए जाने की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। इस योजना के लाभ के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता है। यदि किसी व्यक्ति अथवा डूडा, नगर निकाय व तहसील के कर्मचारी या सभासद की ओर से रुपये की मांग की जाती है तो इसकी जानकारी परियोजना अधिकारी, डूडा मऊ के व्हाट्सएप नं. 9151999412 पर दें। संबंधित नगर निकाय के अधिशासी अधिकारी, संबंधित तहसील के उपजिलाधिकारी, संबंधित थाने के अधिकारी, डॉयल 112 पर भी सूचित कर सकते हैं। किसी के बहकावे में न आकर इस योजना की जानकारी विभाग के कार्यालय पहुंचकर प्राप्त करें।