मऊ। नगर पालिका प्रशासन की तरफ से ‘स्वच्छता ही सेवा’ एवं ‘सेवा संकल्प’ अभियान के तहत 157 घंटों पर आधारित स्वच्छता लक्षित इकाइयों (सीटीयू) की विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अधिशासी अधिकारी डॉ. मणि भूषण तिवारी ने मॉनिटरिंग किया। ‘स्वच्छता ही सेवा’ एवं ‘सेवा संकल्प’ अभियान के दूसरे दिन शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता लक्षित इकाइयों की सफाई की गई।
सफाई एवं खाद्य निरीक्षक सत्य प्रकाश ने बताया कि अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों एवं परिसरों के आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया।पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने बताया कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ और ‘सेवा संकल्प’ के माध्यम से शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और सभी की सामूहिक सहभागिता से स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ शहर के निर्माण का प्रयास पालिका की तरफ से लगातार जारी रहेगा। अधिशासी अधिकारी डॉ. मणि भूषण तिवारी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखें बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं। साथ ही अपने आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करें।