मऊ। अपर स्वास्थ्य निदेशक माधुरी सिंह और मुख्य चिकित्साधिकारी डा. नंद कुमार ने बुधवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। दाेनों अधिकारियों ने अस्पताल में मरीजों की लंबी कतार देखकर चिकित्सकों को ओपीडी के समय से सही उपचार करने का निर्देश दिया। कहा कि सभी मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलनी चाहिए। चिकित्सक को फटकार लगाई तो दूसरी तरफ अस्पताल में सफाई की कमी को देखकर नाराजगी जाहिर किया। मरीजों की लंबी कतार को देखकर काउंटर बढ़ाने तथा जल्द से जल्द सुधार करने का निर्देशित किया। बुधवार को लगभग 10 बजे एडी माधुरी सिंह तथा सीएमओ नंद कुमार ने जिला अस्पताल में निरीक्षण के दौरान सभी चिकित्सकों को सीएमएस के चेंबर में बुलाकर एक बैठक की। एक चिकित्सक को फटकार लगाते हुए कार्यप्रणाली में सुधार की चेतावनी दी। उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि अस्पताल में मरीज को लंबी कतारों से गुजरना पड़ रहा है जिसकी वजह से पर्ची एवं दवा लेने में मरीज को दिक्कतें आ रही है। इसका जल्द से जल्द काउंटर बढ़ाकर समाधान किया जाएगा। अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट और कई चिकित्सकों के कई वर्षों से खाली पद पर जल्द तैनाती करने का आश्वासन दिया। कहा कि अस्पताल में चिकित्सकों के उपचार लिए सभी प्रकार की दवा उपलब्ध है। कहा कि सभी चिकित्सकों को आदेशित किया गया है कि ओपीडी में ही सही उपचार मिलना चाहिए। इस अवसर पर सीएमएस डा. एपी गुप्ता सहित अस्पताल के सभी कर्मी मौजूद थे। संवाद