कलेक्ट्रेट स्थित विडियो कांफ्रेंसिंग हाल में बुधवार को प्रदेश के सभी जिलों की विडियों कांफ्रेंसिंग हुई। जिसमें मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश के किसानों से सीधे संवाद करने के लिए हर जिले के किसानों को इसमें शामिल करने का निर्देश भी दिया था। लेकिन प्रदेश के मुखिया से किसी भी किसान की बात नही हो सकी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिले के अधिकारियों को निर्देशित किया।
विडियों कांफ्रेंसिंग में प्रदेश के कन्नौज और इटावा जिले के किसानों ने अपनी बात मुख्यमंत्री के सामने रखी। दो जिलों को छोड़कर प्रदेश के किसी भी जिले के किसानों की मुख्यमंत्री से बात नहीं हो पाई। विडियो कांफ्रेंसिंग के समय प्रदेश के सभी जिलों के माइक बंद रखने के निर्देश मिले थे। विडियो कांफ्रेंसिंग में किसानों को संबोधित करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि आने वाले खरीफ की फसल के लिए वैज्ञानिकों ने जिस प्रकार के निर्देश दिए हैं किसान उसी तरह से कार्य करें तो उनकी फसल अच्छी होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिस प्रकार से प्रदेश सरकार आपदा ग्रस्त किसानों को मुआवजा दे रही है। वे मुआवजा के कार्य को और अच्छी तरह से करें।
जिससे प्रदेश के अन्नदाताओं को उचित मुआवजा देने की प्रदेश सरकार की इस मुहिम को जल्द से जल्द पूरा किया जा सके। उन्होेंने किसानों को विश्वास दिलाया कि उनकी द्वारा पैदा किए गए गेहूं को गेहूं क्रय केंद्राें पर उचित दाम में खरीदा जाएगा। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, एडीएम समीर वर्मा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।