‘स्वच्छता ही सेवा’ महा अभियान के तहत वार्ड 44 के मिर्जाहादीपुरा में नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने सफाई अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने नगर की प्रत्येक व्यवस्था को बेहतर करने के लिए नगर पालिका को 200 करोड़ देने की घोषणा की।
कहा कि खाड़ी देशों में इतनी अधिक सफाई होती है कि वहां के सार्वजनिक स्थानों पर एक तिनका भी नजर नहीं आता। यहां पर भी उसी स्तर की सफाई की अपेक्षा करते हुए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए कई घोषणाएं कीं। अपनी अपील में कहा कि हम पूरे प्रदेश को स्वच्छ बनाने में आपसे सहयोग की अपेक्षा करते हैं। गंदगी न फैलाने का प्रण लें और दूसरों को गंदगी फैलाने से रोकें।
इस दौरान मंत्री ने नुक्कड़ सभा के बाद ‘स्वच्छता शपथ’ दिलाई। साथ ही प्रतीकात्मक रूप से झाड़ू लगाकर मिर्जहादीपुरा चौक की सफाई की। स्वच्छता शपथ में कहा गया कि महात्मा गांधी ने जिस भारत का सपना देखा था उसमें सिर्फ राजनीतिक आजादी ही नहीं थी, बल्कि एक स्वच्छ एवं विकसित देश की कल्पना भी शामिल थी। अब हमारा कर्तव्य है कि गंदगी के प्रति सजग रहते हुए भारत को स्वच्छ एवं विकसित बनाएं। इसके बाद नगर एवं विकास मंत्री एके शर्मा, पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल, सभासद, अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार, राजस्व निरीक्षक अमृता राय, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक सत्य प्रकाश, डीपीएम मनीष कुमार सिंह, निर्माण लिपिक धर्मेंद्र कुमार व पालिका के अधिकारी, सफाई नायक, सफाई मित्र के अलावा नगरवासियों ने इस कार्यक्रम में स्वच्छता की शपथ ली।
सभी धर्माें में सफाई को उच्च स्थान
पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने कहा कि सफाई मानव जीवन के उत्कृष्ट कृत्यों का वह अंश है जिससे जीवन की कल्पना जुड़ी हुई है। सभी धर्माें ने भी अपने संदेश में सफाई को उच्च स्थान दिया है। अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि इस अभियान में नगर पालिका विभिन्न गतिविधियों, नुक्कड़ नाटकों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, स्वच्छता संवाद आदि के माध्यम से नगरवासियों को सफाई के लिए जागरूक कर रही है।