नगर पंचायत कोपागंज के नाले का गंदा पानी क्षेत्र के कांछी कला में जमा होने से लगभग 30 एकड़ से अधिक की उपजाऊ जमीन जलमग्न हो गई है। इसके चलते खेतों की जुताई बोआई नहीं हो पा रही। शिकायत के बाद भी सुनवाई न होने से परेेशान ग्रामीणों ने नगर पंचायत प्रशासन के विरोध में प्रदर्शन किया। साथ ही जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कोपागंज कस्बा के पश्चिमी छोर पर वार्ड नंबर दो फुलेलपुरा के दो दर्जन से अधिक लोगों की कांछी कला में जमीन है।
लेकिन वर्षो से नगर पंचायत के नाला का गंदा पानी जमा हो रहा है। इसके चलते जुताई बुआई नहीं हो पा रही है। अधिकारियों को शिकायत पत्र भी दिया गया बावजूद समस्या का समाधान कराने में रुचि नहीं लिया। जलजमाव से उठ रही दुर्गंध से लोगों का जीना दूभर हो गया है।
भीषण गर्मी में बदबू के चलते घर में एक-एक पल बिताना मुश्किल हो रहा है। कृषि कार्य के लिए जमीन होने के बाद भी जुआई बुआई नहीं हो पा रही है। इससे प्रतिवर्ष हम लोगों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
नगर पंचायत की ओर से समस्या का अविलंब निस्तारण नहीं किया गया तो हम लोग आंदोलन तेज करने को बाध्य हो जाएंगे। वहीं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अजय कुमार सिंह का कहना है कि नाले को आगे बढ़ाने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। प्रदर्शन करने वालों में लक्ष्मी सोनकर, बांके,शमीम, विजय, सोनू, झब्बू, कपूर, भगानू आदि शामिल थे।