तहसील क्षेत्र की माइनर की अभी तक सफाई नहीं हो सकी है। किसान गेहूं की बोआई और सिंचाई करने की तैयारी में हैं। लेकिन दिसंबर के पहले सप्ताह में भी नहर की पूरी तरह से सफाई नहीं होने से किसान चिंतित है।
दोहरीघाट कैनाल से निकली माइनर की हालत विभाग की लापरवाही के चलते खराब है। इस माइनर से मधुबन नगर पंचायत समेत अहिरौली, नत्थुपुर आदि गांवों के किसानों को लाभ मिलता है। माइनर की सफाई बीते दिनों शुरू होने के बाद अभी तक काम पूरा नहीं हो सका है। अधूरी सफाई होने के कारण माइनर में अभी तक पानी नहीं पहुंचने से किसानों को खेती करने के लिए अन्य संसाधनों का प्रयोग करना पड़ रहा है। किसानों की माने तो यदि समय से सफाई व पानी आता तो खेती करने के लिए आसानी होती है। अभी किसान निजी ट्यूबवेल से ही खेतों की भराई कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि माइनर की सफाई होने के बाद ही उसमें पानी छोड़ा जाएगा।
इस संबंध में सहायक अभियंता योगेंद्र यादव ने बताया कि 15 दिसंबर के पहले माइनर की संपूर्ण सफाई होने के बाद उसमें पानी आएगा, इससे किसानों को सहूलियत मिलेगी।