मऊ। जिले के परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को खेलों में दक्ष बनाया जाएगा। नए शिक्षा सत्र में खेल गतिविधियां अधिक होंगी। क्रिकेट, शतरंज, एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों में बच्चों की भागीदारी कराने के लिए विभाग की तरफ से 82.95 लाख का स्पोर्ट्स ग्रांट जारी कर दिया गया है।
जिले मेें 757 प्राथमिक, 159 उच्च प्राथमिक, 292 कंपोजिट विद्यालयों मेें 1.30 लाख बच्चे पढ़ते हैं। पहले खेल सामग्री की कमी के कारण गतिविधियां सीमित रह जाती थीं, लेकिन अब बजट मिलने से बच्चे उत्साह के साथ खेलों में हिस्सा लेंगे। विद्यालयों में खेलकूद गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए शासन ने हर स्कूल को खेल सामग्री खरीदने के लिए बजट जारी किया है। इसके तहत प्रत्येक प्राथमिक विद्यालय को पांच हजार और उच्च प्राथमिक विद्यालय को दस हजार की धनराशि विद्यालय प्रबंध समिति के खाते में भेजी गई है। विद्यालयों को मिली इस धनराशि से प्राथमिक विद्यालयों में फुटबॉल, वॉलीबॉल, क्रिकेट सेट, खो-खो, कबड्डी, बैडमिंटन और अन्य 11 तरह की और जूनियर में 16 प्रकार की खेल सामग्री खरीदी जाएगी। विभाग की तरफ से निर्देश दिया गया है कि बजट मिलने के बाद स्कूलों में खेल सामग्री की खरीदारी के बाद खेलकूद अनिवार्य रूप से कराया जाए।
विभागीय अधिकारियों की मानें तो यह कदम बच्चों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने और उनके शारीरिक विकास को मजबूत बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है। खेल सामग्री मिल जाने से बच्चे खेलों में भी दक्ष होंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों का चयन मंडलीय और राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा। इससे न केवल बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ेगी, बल्कि ग्रामीण अंचलों की प्रतिभाओं को भी मंच मिलेगा।
कोट
जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों के विद्यालय प्रबंध समिति के खाते में स्पोर्ट्स ग्रांट जारी कर दिया गया है।
एनके द्विवेदी,वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक