तहसील क्षेत्र के दरगाह गांव में बच्चों ने अपनी मदद आप के मुहावरे से सीख लेते हुए आपस में मिलजुल कर 15 से 20 मीटर तक की सड़क बना दी। यहां इंटरलॉकिंग का काम अधर में लटका था।
दरगाह गांव में इंटरलाकिंग कार्य अधर में लटका है। इससे लोगाें को आवागमन में असुविधा हो रही थी। स्कूल जाने वाले बच्चों को तमाम समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। ऐसे में आठ से 12 साल के बच्चों ने इंटरलॉकिंग का बीड़ा उठाया और 15 से 20 मीटर तक सड़क बनाई। बच्चों का कहना था कि क्या करें, न तो ग्राम प्रधान सुनते हैं और न ही अन्य लोग। सड़क पर जलजमाव से स्कूल आने जाने में दिक्कत हो रही है। कुछ तो राहत मिल जाएगी।
ग्राम सभा दरगाह के राजभर बस्ती में फिलहाल जिला पंचायत के तरफ से नाला निर्माण का कार्य चल रहा है। नाला खुदाई के दौरान सड़क से इंटरलॉकिंग के जो ईंट निकल रहे हैं, यह बच्चे उन ईंट को इकट्ठा कर अपनी राह को आसान बना रहे हैं। आर्यन, गुलाम नबी, अयान, इस्माइल, का कहना था कि अभी पूरी सड़क पर ईंट नहीं बिछाई गई है। लेकिन जैसे जैसे ईंट मिलती जाएगी, सड़क की लंबाई भी बढ़ती जाएगी।