मऊ। मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाडिया की अध्यक्षता में 23 नवंबर को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बैठक संपन्न हुई। बैठक में कार्यक्रम को सफलतापूर्वक एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित जनपद स्तरीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।
बैठक में वर-वधू के पंजीकरण, आयोजन स्थल की व्यवस्था, पंडाल, पेयजल, सुरक्षा, यातायात, भोजन एवं उपहार सामग्री सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।