घोसी में चेहल्लुम के जुलूस में शामिल लोग। संवाद
मऊ। शहर के मुंशीपुरा सेल टैक्स रोड स्थित मंज़र इमाम एडवोकेट के निवास (इमामबाड़े) से चेहल्लुम का जुलूस पूरी अकीदत, एहतराम और गमगीन माहौल के बीच निकाला गया। हज़रत इमाम हुसैन और कर्बला के 72 शहीदों की याद में निकाले गए इस जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने हिस्सा लिया।
मुंशीपुरा इमामबाड़े से बरामद हुआ ताज़िये का जुलूस अपने कदीमी (पारंपरिक) रास्तों से होता हुआ आगे बढ़ा। जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय प्रशासन व पुलिस बल मुस्तैद नज़र आया। कड़ी सुरक्षा और शांतिपूर्ण माहौल के बीच जुलूस अपने निर्धारित रास्तों से गुज़रते हुए कर्बला पहुंचा, जहां ताज़िये को सुपुर्द-ए-खाक करने के साथ ही जुलूस का समापन हुआ।
जुलूस में शामिल अकीदतमंदों ने पुरनम आंखों से नौहाख्वानी की और सीनाज़नी (मातम) कर कर्बला के मैदान में दी गई अज़ीम शहादत को याद किया। इस दौरान इमाम हुसैन के पैगाम और उनके सब्र को याद करते हुए माहौल पूरी तरह गमगीन बना रहा। इस मौके पर मुख्य रूप से शमीम कमाल, मज़हर इमाम, मंज़र इमाम, जमाल अख्तर, शाहिद इमाम, इस्राइल, टिल्लू, अफ्फान, लकी, आतिफ, आमिर, अमन समेत क्षेत्र के तमाम गणमान्य नागरिक और अकीदतमंद मौजूद रहे।