रानीपुर। थाने की साइबर टीम ने सोमवार को साइबर की ठगी के शिकार के 7.20 लाख रुपये वापस कराए। सेकेंड हैंड वाहन केे लिए ऑनलाइन आवेदन पर ठग ने नए ब्रांड की कार सस्ते दाम पर देने का झांसा देकर ठगी की थी।
थाना क्षेत्र के मंडूसरा गांव निवासी अजीत सिंह ने सेकेंड हैंड कार का ऑनलाइन विज्ञापन देखकर आवेदन किया था। इसके बाद अजीत को फोन कर ठगों ने नए ब्रांड की कार सस्ते दाम पर लेने के लिए कहा। ठगों ने उससे 7.20 लाख रुपये ले लिए। लेकिन कार देने में आनाकानी करने लगे। शक होने पर पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से की थी। थाना प्रभारी रानीपुर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक इलामारन जी के निर्देश पर साइबर टीम ने मामले की जांच की। इसमें पाया गया कि अजीत से कार के नाम पर ठगों ने रुपये ले लिए थे। जांच के बाद पीड़ित के खाते में 7 लाख 20 हजार रुपये वापस कराए गए हैं।