मऊ। कोरोना का टीका लगवाने के लिए अब अस्पतालों में पंजीकरण की व्यवस्था समाप्त कर दी गई है। टीका लगवाने के लिए अब ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। यह नई व्यवस्था सोमवार से लागू हो जाएगी। ऑनलाइन पंजीकरण में तय तिथि को उपस्थित होकर टीका लगवाया जा सकता है।
वर्तमान में जिले में चौथे चरण में 51 केंद्रों पर टीकाकरण का आयोजन किया जा रहा है। इसमें 45 वर्ष से ज्यादा आयु के लोगों को टीका लगाया जा रहा है। अधिकांश लाभार्थी वर्तमान में आधार कार्ड या दूसरा पहचान पत्र लेकर केंद्रों पर पहुंचकर ही पंजीयन कराकर टीका लगवा रहे हैं। लेकिन अब सोमवार से उन्हें टीकाकरण कराने के लिए आनलाइन पंजीयन कराना जरूरी है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. बीके यादव ने बताया कि कोविड टीकाकरण के शुरुआती दौर में पहले ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य था। बाद में टीकाकरण को गति देने के लिए व्यवस्था बदली गई थी।
इसके तहत आधार कार्ड या अन्य पहचान पत्र के साथ केंद्र पर पहुंचने के बाद तत्काल पंजीकरण कर टीका लगा दिया जाता था। बताया कि शासन ने टीकाकरण के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य कर दिया है। पंजीकरण के बाद उन्हें मिलने वाली तिथि पर ही टीका लगाया जाएगा। सभी टीकाकरण केंद्रों पर यह निर्देश भेज दिया गया है। जिले में अभी 45 वर्ष आयु वालों को ही टीका लग रहा है। 18 वर्ष से अधिक आयु वालों का अगले सप्ताह से टीकाकरण शुरू करने की रूपरेखा बनाई जा रही है।