जनपद के मुहम्मदाबाद गोहना तथा मधुबन के एसडीएम और तहसीलदार के कार्यक्षेत्र का जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल ने सोमवार को बदलाव कर दिया। मधुबन तहसील में तैनात एसडीएम लाल बाबू दूबे को मुहम्मदाबाद गोहना की जिम्मेदारी दी गई है। जबकि मुहम्मदाबाद गोहना में तैनात एसडीएम आशुतोष कुमार राय को अपर उप जिलाधिकारी सदर बनाया गया है। वहीं अपर उप जिलाधिकारी सदर राम भवन तिवारी को मधुबन तहसील का एसडीएम बनाया गया है। उधर तहसीलदार मधुबन राहुल कुमार गुप्ता को तहसीलदार मुहम्मदाबाद बनाया गया है, जबकि तहसीलदार मुहम्मदाबाद गोहना सुभाष चंद्र को तहसील मधुबन तहसील का तहसीलदार बनाया गया है। बता दें कि मुहम्मदाबाद गोहना में 14 अगस्त को एसडीएम और अधिवक्ता अर्शे आलम के बीच वाद-विवाद हो गया था। जिसके बाद तहसील के अधिवक्ता बहिष्कार पर चले गए थे। अधिवक्ता एसडीएम के स्थानांतरण की मांग कर रहे थे। तबादले की सुचना मिलते ही मुहम्मदाबाद गोहना के अधिवक्ताओं में खुशी व्याप्त है।