दोहरीघाट। पुलिस भर्ती से पहले कूटरचित कर पुलिस भर्ती का एडमिट बनाने तथा उसे वायरल करने के दोनों आरोपियों का पुलिस ने शुक्रवार को चालान कर दिया। दोहरीघाट पुलिस ने दोहरीघाट थाना क्षेत्र के पतजीवा गांव निवासी सचिन यादव पुत्र अमेरिका और जनसेवा केंद्र संचालक चंद्रेश यादव के विरुद्ध बृहस्पतिवार की देर शाम मुकदमा दर्ज किया था। दरअसल सचिन यादव ने पुलिस भर्ती के लिए आवेदन किया हुआ है, जहां उसका सेंटर सुखराम सिंह टीचर ट्रेनर इंस्टिट्यूट कॉलेज सरवा पड़ा था। जहां बीते 13 फरवरी को पतजीवा बाजार में केजीएन जनसेवा केंद्र/मोबाइल सेंटर में अपना पुलिस भर्ती का एडमिट कार्ड निकलवाने के दौरान उसने अपने वास्तविक सेंटर को जनसेवा केंद्र संचालक चंद्रेश यादव के साथ मिलकर द्वारा परीक्षा केंद्र का नाम बदलकर फर्जी नाम एसएसजे इंटर कॉलेज पतजीवा बना दिया गया। इसके बाद कूटरचित कर बनाए गए एडमिट कार्ड को सचिन यादव द्वारा उस पीडीएफ को अपने मोबाइल के व्हाट्सएप ग्रुप स्कूल फ्रेंडस ग्रुप में वायरल कर दिया गया। यहां इसके द्वारा सभी को बताया कि मेरा सेंटर गांव के विद्यालय एसएसजे इंटर कॉलेज पतजीवा में पड़ा है। जबकि इस विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया ही नहीं गया है। इसी फर्जी एडमिट कार्ड को देखकर अन्य ग्रुप मेंबर्स भी स्कूल स्टाफ से संपर्क करने लगे तथा भ्रामक अफवाहें फैल गई। इस मामले को पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय ने संज्ञान में लेने के बाद एसओजी/स्वाट और सर्विलांस टीम को इस संबंध में आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया था। जहां पुलिस ने दोनों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर शुक्रवार को दोनों का चालान कर दिया।