मऊ। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह की अध्यक्षता में वित्तीय वर्ष 2024-25 में गेहूं खरीद के संबंध में बैठक आयोजित हुई। इसमें जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि जनपद में गेहूं क्रय योजना 15 मार्च 2024 से शुरू होगी। इसके लिए जिले में 61 क्रय केंद्र प्रस्तावित हैं, इसके सापेक्ष अब तक 52 क्रय केंद्र स्थापित हो चुके हैं। इसमें भी 52 क्रय केंद्रों के सापेक्ष 50 क्रय केंद्र ऑनलाइन भी हो गए हैं, इसमें खाद्य विभाग के समस्त 18 क्रय केंद्रों की जियो टैगिंग भी पूर्ण हो चुकी है। बताया कि जनपद में गेहूं क्रय योजना हेतु 794 गांठ पीपी तथा 690 गांठ जूट बोरे भी उपलब्ध हैं। वहीं अपर जिलाधिकारी ने बताया कि गत वर्ष निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष जनपद सहित पूरे प्रदेश में गेहूं क्रय की स्थिति अच्छी न होने के कारण सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं में बाधा उत्पन्न हो सकती है। इसलिए इस वर्ष गेहूं खरीद हेतु अधिक से अधिक किसानों को प्रेरित करते हुए पंजीकरण कराए जाने के निर्देश अपर जिलाधिकारी द्वारा दिए गए। उन्होंने किसानों के पंजीकरण और गेहूं खरीद में सहायक विभिन्न विभागों के अधिकारियों, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, सचिव मंडी समिति तथा सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता को एक सप्ताह के अंदर बैठक कर क्षेत्र एवं केंद्र वार लक्ष्य को निर्धारित कर गेहूं खरीद में वृद्धि लाने के निर्देश दिए।