मऊ। शहर कोतवाली पुलिस ने बुधवार को निजामुद्दीनपुरा मुहल्ले में चेन छिनैती की घटना का खुलासा करते हुए चेन लूटने वाले को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गया चेन स्नेचर बेहद शातिर अपराधी है, उसने छिनैती की 31 घटनाओं को अंजाम दिया है। इसकी जानकारी बुधवार को सीओ सिटी अंजनी पांडेय ने दी।
सीओ सिटी ने बताया कि बीते माह शहर कोतवाली क्षेत्र के हिंदी भवन के पीछे निजामुद्दीनपुरा मुहल्ले की कॉलोनी निवासी महिला जो टहलने निकली थी। उससे बाइक सवार युवक ने सोने की चेन छीन लिया था। सीसीटीवी फुटेज से एक बदमाश की पहचान करने में पुलिस को सफलता मिली, इसबीच मुखबिर से सूचना मिली कि वह शातिर बदमाश किसी घटना केा अंजाम देने के लिए शहर कोतवाली के भीटी में है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया, पूछताछ में उसकी पहचान गाजीपुर जिला निवासी ओमप्रकाश बिंद के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि उसने जिले के अलावा गाजीपुर, बलिया जिले में 31 छिनैती के मुकदमे दर्ज हैंं। पुलिस ने आरोपी बदमाश के पास सोने की चेन, एक मोबाइल, तमंचा के साथ बाइक बरामद की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया।