सदर तहसील परिसर में मंगलवार को प्रादेशिक खरवार सभा के तत्वावधान में अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र वितरित करने की मांग को लेकर खरवार जाति के लोगों ने धरना प्रदर्शन किया।
इस दौरान उन्होंने मांगों के बाबत एसडीएम सदर आरडी पांडेय को ज्ञापन सौंपा। धरने को संबोधित करते हुए प्रादेशिक खरवार सभा के प्रदेश सचिव उमाशंकर खरवार ने कहा कि जिस प्रकार से जिले में खरवार बिरादरी के लोगों के साथ सौतेला व्यवहार हो रहा है। यह कत्तई बर्दाश्त नही होगा। उन्होंने कहा कि जिले में पहले खरवार बिरादरी के लोगों का अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र बनाया गया। लेकिन अब ऐसा नही हो रहा है।
कहीं यह साजिश के चलते तो नही हो रहा है। जिलाध्यक्ष केशव खरवार ने कहा कि जाति प्रमाण पत्र के लिए लगातार धरना प्रदर्शन किया जा रहा है।
लेकिन जिला प्रशासन के कान पर जूं तक नही रेंग रहा है। ऐसे में आम आदमी करे तो क्या करे। जिला महामंत्री मुन्ना खरवार ने कहा कि जब तक खरवार जाति का अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र वितरित नही हो जाति चैन की सांस नही ली जाएगी।
उन्होंने चेतावनी दी की अगर जल्द ही जाति प्रमाण पत्र निर्गत नही हुआ तो चक्काजाम और प्रदर्शन किया जाएगा। धरना प्रदर्शन के अंत में एसडीएम सदर आरडी पांडेय को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान मुख्य रुप से नरेंद्र खरवार, शिवशंकर, चन्द्रशेखर, शिवानंद, धनश्याम आदि मौजूद रहे।